Sunday, March 29, 2026

ईरान पर आक्रमण की जानी-पहचानी पटकथा

  

ईरान पर आक्रमण की जानी-पहचानी पटकथा



यदि 2003 में सद्दाम हुसैन के इराक के खिलाफ युद्ध "जनसंहार के हथियारों" की एक मनगढ़ंत धमकी के आधार पर शुरू किया गया था, तो अमेरिका और इज़राइल के ऑपरेशन, एपिक फ्यूरी और रोरिंग लायन (गरजता शेर) न केवल एक झूठी धमकी पर ही निर्भर करते हैं, बल्कि जानबूझकर की गई इस गलत पेशकारी पर भी कि ईरान ऐसी धमकी को कब और कैसे कार्यान्वित करने में सक्षम हो चुका है।

जिस मुख्य खतरे को वजह के रूप में पेश किया जा रहा है, वह ईरान का परमाणु हथियार कार्यक्रम है। हमलों की शुरुआती लहर के बाद अपने पहले भाषण में, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका के पास हमला करने के अलावा कोई चारा नहीं था क्योंकि तेहरान समझौता करने के लिए तैयार नहीं था। ईरानियों के साथ बातचीत में मुख्य वार्ताकार स्टीव विटकॉफ ने और आगे बढ़कर दावा किया कि ईरान "औद्योगिक-ग्रेड बम बनाने वाली सामग्री से शायद एक हफ्ते दूर है"।

पल की पल, इस तथ्य को अलग रखते हैं कि पिछले साल ऑपरेशन मिडनाइट हैमर के बाद, ट्रंप ने शेखी मारी थी कि ईरान की परमाणु सुविधाएं "मिटा दी गई हैं"। भले ही हम मान लें कि वह राजनीतिक नंबर बनाने की ओछी ललक के चलते ही ऐसी अतिशयोक्ति कर रहा था, अंतरराष्ट्रीय निगरानी संस्थाओं और अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने लगातार यह निष्कर्ष निकाला है कि इस बात का कोई सबूत नहीं है कि ईरान ने बम बनाने के लिए सक्रिय प्रयास दोबारा शुरू किए हैं।

वास्तव में, हमले शुरू होने से कुछ घंटे पहले, ओमान के विदेश मंत्री और मुख्य मध्यस्थ बद्र बिन हमद अल बुसैदी ने सी एन एन को बताया कि ईरान "ऐसी सामग्री कभी इकट्ठा न करने के लिए सहमत हो गया था जो बम बनाएगी"। उनके शब्दों में: "एक शांति समझौता हमारी पहुंच में है ... यदि हम कूटनीति को वहां तक पहुंचने के लिए जरूरी जगह देते हैं।" इसके बजाय, गत वर्ष जून में हुए 12 दिनों के युद्ध की तरह, ईरान पर तब हमला किया गया जब वह बातचीत की मेज पर था, फर्क सिर्फ यह था कि पिछले मौके पर, इज़राइली अकेले ही इस पर हमला कर चुके थे जब अमेरिका ने फोर्डो, नतांज और इस्फहान पर बंकर बस्टर बम गिराए थे।

परमाणु हथियारों के अलावा, अमेरिकियों ने दावा किया है कि उन्हें एक संभावित ईरानी हमले का खतरा था। फिर भी 1 मार्च को - युद्ध के दूसरे दिन - पेंटागन ने कांग्रेस के स्टाफ को बंद दरवाजों में की गई ब्रीफिंग के दौरान स्वीकार किया कि ऐसी कोई खुफिया जानकारी नहीं थी जो दर्शाती हो कि ईरान, अमेरिका पर पहले हमला करने की तैयारी कर रहा था।

ट्रंप ने आगे चेतावनी दी कि ईरान ऐसी मिसाइलें विकसित कर रहा है जो जल्द ही अमेरिकी मुख्य भूमि तक मार करने में सक्षम होंगी, एक दावा जिसे उसने सोमवार को युद्ध के तीसरे दिन दोहराया, कि ईरान "जल्दी" बैलिस्टिक मिसाइलों से अमेरिका के अंदर लक्ष्यों पर मार करने में सक्षम हो जाएगा।

फिर, उसके अपने प्रशासन की रिपोर्टें उसके दावों का खंडन करती हैं। अमेरिकी रक्षा खुफिया एजेंसी द्वारा मई 2025 के मूल्यांकन में निष्कर्ष निकाला गया कि ईरान संभावित रूप से लंबी दूरी की मिसाइलें विकसित कर सकता है जो सिर्फ 2035 तक अमेरिका तक पहुंच सकती हैं, वह भी तब यदि उसने अमेरिका को प्राथमिक लक्ष्य के रूप में चुनकर ऐसी क्षमता को आगे बढ़ाया। इसलिए "पूर्व-निवारक युद्ध" का तर्क भी ढह जाता है।

फिर युद्ध के लिए नैतिकता का सवाल यह है कि क्या यह ईरानी नेतृत्व की क्रूरता के कारण नैतिक रूप से बचाव योग्य है। लेकिन किसी देश की सरकार द्वारा दमन किसी अन्य देश को उस पर हमला करने का अधिकार नहीं देता। दुनिया भर में, रूस, चीन, उत्तर कोरिया, म्यांमार और सऊदी अरब में, क्रूर तानाशाही मौजूद है। इनमें से एक अमेरिका का प्रमुख सहयोगी है, और दूसरे के साथ ट्रंप ने, अपने तानाशाही नेता द्वारा एक युद्ध शुरू करने के बावजूद संबंधों को फिर से स्थापित करने की सक्रिय कोशिश की है जिसमें एक मिलियन से अधिक लोग मारे गए हैं।

तो फिर युद्ध क्यों आगे बड़े? ट्रंप और इज़राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने स्पष्ट रूप से हिसाब लगाया कि ईरान का नेतृत्व इन वर्षों में सबसे कमजोर था। इसके क्षेत्रीय प्रॉक्सी - गाजा युद्ध के बाद बुरी तरह कमजोर हो गए हैं। इस दौरान, ट्रंप ने गलत अंदाजा लगाया कि ईरानी आत्मसमर्पण कर देंगे, और अपनी इस बयानबाजी को ऐसे स्तर तक बढ़ा दिया जहां से पीछे हटना मुश्किल हो गया।

(इंडियन एक्सप्रेस में प्रकाशित सप्तऋषि बास्क के लेख के कुछ अंशों का अनुवाद)

 

 

ईरान पर आक्रमण के खिलाफ विश्वव्यापी जन-आक्रोश

 ईरान पर आक्रमण के खिलाफ    

                    विश्वव्यापी जन-आक्रोश




जहाँ अमेरिका और इज़राइल द्वारा ईरान पर किए गए आक्रमण के खिलाफ संसार की साम्राज्यवादी पिछलग्गू सरकारों ने बेशर्मी से चुप्पी साध ली है, दबी जुबान से युद्ध की निंदा की है या हल्के बहाने बनाकर हमले का समर्थन करने का रास्ता अपनाया है, वहीं दुनिया भर के इंसाफ़पसंद और अमनपसंद लोगों ने इस धृष्ट हमले और अमेरिकी-इज़राइली गठजोड़ के खिलाफ ज़ोरदार आवाज़ बुलंद की है। न केवल तीसरी दुनिया के पिछड़े देशों में, बल्कि अमेरिका और इज़राइल के अंदर भी लोगों ने युद्ध विरोधी नारे लगाए हैं। सबसे बड़े प्रदर्शन ईरान के अंदर हुए हैं, जहाँ सुप्रीम लीडर खुमैनी की हत्य के बाद लाखों लोग इस साम्राज्यवादी हमले के खिलाफ सड़कों पर उतर आए। लेकिन साथ की साथ खुमैनी की मौत की खबर फैलते ही हमलावर अमेरिका के विभिन्न शहरों में भी युद्ध विरोधी प्रदर्शनों का सैलाब देखने को मिला। हजारों लोगों ने व्हाइट हाउस के पास वाशिंगटन डी.सी. और टाइम्स स्क्वायर में युद्ध विरोधी प्रदर्शन किए। इसके अलावा अमेरिका के विभिन्न शहरों जैसे अटलांटा, बाल्टीमोर, बोस्टन, शिकागो, डेनवर, लास वेगास, लॉस एंजिल्स, मियामी, सैन फ्रांसिस्को और फिलाडेल्फिया में वामपंथी संगठनों के नेतृत्व में हजारों लोगों ने युद्ध के खिलाफ प्रदर्शन किए। इन प्रदर्शनों को संगठित करने वालों में A.N.S.W.E.R. (Act Now to Stop War and Racism) संगठन, फिलिस्तीन के लिए अमेरिकी मुस्लिम, पीपुल्स फोरम ऑफ फिलिस्तीन, फिलिस्तीन यूथ मूवमेंट, कोड पिंक, ब्लैक अलायंस फॉर पीस और डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट्स फॉर अमेरिका आदि संगठन शामिल थे।

इसके अलावा दुनिया भर में हुए प्रदर्शनों पर एक संक्षिप्त नज़र:

●      सबसे बड़े और ज़ोरदार प्रदर्शन पाकिस्तान में हुए। कराची में अमेरिकी दूतावास के बाहर प्रदर्शन पर गोली चलाए जाने से तीन दर्जन के करीब लोग मारे गए। इसके अलावा लाहौर, इस्लामाबाद, फैसलाबाद, गिलगित-बाल्टिस्तान आदि जगहों पर भी हजारों लोगों ने "अमेरिका की मौत" और "इज़राइल की मौत" के बैनर उठाकर प्रदर्शन किए।

●      इसके साथ ही इंग्लैंड में भी 28 फरवरी को हमले के खिलाफ ज़ोरदार प्रदर्शन हुए। 7 मार्च को 50,000 से अधिक लोगों ने न्यूक्लियर हथियार विरोधी मुहिम, युद्ध रोको फ्रंट, फिलिस्तीन समर्थक फ्रंट और मुस्लिम एसोसिएशन ऑफ इंग्लैंड के आह्वान पर लंदन में प्रदर्शन किया। चार लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। लोगों के विरोध को देखते हुए इंग्लैंड सरकार ने 15 मार्च को फिलिस्तीन समर्थक दिवस मनाने पर प्रतिबंध लगा दिया है।

●      ग्रीस की कम्युनिस्ट पार्टी के आह्वान पर 1300 प्रदर्शनकारियों ने राजधानी एथेंस में "ईरान से हाथ दूर हटाओ" के बैनर उठाकर प्रदर्शन किया।

●      इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में अमेरिकी दूतावास के सामने हजारों लोगों ने प्रदर्शन किया और मांग की कि इंडोनेशिया सरकार अमेरिका द्वारा स्थापित शांति फोरम से बाहर आए।

●      इराक में हजारों लोगों ने अमेरिकी दूतावास के सामने प्रदर्शन किया और उनकी पुलिस से झड़पें भी हुईं।

●      8 मार्च को मेक्सिको सिटी में अमेरिकी दूतावास के बाहर हजारों लोगों ने प्रदर्शन किया और इज़राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का पुतला बनाकर उस पर जूते मारे।

●      स्पेन के शहर मैड्रिड में हजारों लोगों ने 28 फरवरी को "ईरान के खिलाफ युद्ध नहीं" के बैनर तले रोष प्रदर्शन किया।

●      दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल में 1 मार्च को बड़ा रोष प्रदर्शन हुआ।

●      तुर्की में 28 फरवरी को ही इज़मिर शहर में विशाल युद्ध विरोधी रोष प्रदर्शन किया गया।